ISIS की बर्बरता दिखाती है जॉर्डन के पायलट की हत्या : ओबामा
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि जॉर्डन के पायलट को जिंदा जलाए जाने की घटना इस्लामिक स्टेट की बर्बरता दर्शाती है। ओबामा ने एक बयान में कहा, ‘ हम फर्स्ट लेफ्टिनेंट माज अल-कसास्बेह की मौत से शोक में डूबे जॉर्डन के लोगों के साथ हैं।’ ओबामा ने इसके बाद अपने कार्यालय में जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात की।
ओबामा ने कहा कि आईएसआईएस विरोधी गठबंधन के अपने साथियों और अन्य अरब एवं अंतरराष्ट्रीय सदस्यों के साथ अल कसास्बेह आतंकवादी समूह द्वारा पैदा किए गए खतरे से निपटने और उसे हराने के प्रयास में अग्रणी थे।
उन्होंने कहा, ‘ देश एवं परिवार के लिए अल कसास्बेह का समर्पण, साहस और सेवा उन वैश्विक मानवीय मूल्यों को प्रदर्शित करती है जो कि आईएसआईएल की कायरता और नीचता के खिलाफ खड़े होते हैं। आतंकवाद को हराने के लिए उनके बलिदान का हमें मिलकर सम्मान करना चाहिए। इस दु:ख में हम सभी शामिल हैं।’ ओबामा ने कहा, ‘ गठबंधन उन सभी के लिए लड़ रहा है जो आईएसआईएल की निर्दयता का शिकार हुए है। ’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘ यह संगठन की क्रूरता और निर्दयता का एक और प्रमाण है। यह संगठन केवल मारने और विनाश में रचि रखता है।’ इससे पहले विदेश मंत्री जॉन केरी ने आईएसआईएस या आईएसआईएल से निपटने के लिए बनाए गए वैश्विक गठबंधन में भागीदार देशों के वरिष्ठ राजनयिकों का स्वागत किया।

