IND vs AUS : टी-20 में दम दिखाने उतरेगी भारतीय टीम

एडिलेड : एकदिवसीय श्रृंखला में हार के बाद भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ आज से यहां शुरू हो रही तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला में बेहतर प्रदर्शन करके मार्च-अप्रैल में अपनी सरजमीं पर होने वाले विश्व टी20 से पूर्व सही संतुलन हासिल करने की कोशिश करेगी. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजकर आठ मिनट पर शुरू होगा. आपको बता दें कि भारत को एकदिवसीय श्रृंखला में 1-4 से शिकस्त का सामना करना पडा था और टी20 में उसके पास अब तक के निराशाजनक दौरे पर सकारात्मक नतीजे हासिल करने का मौका होगा.
दोनों टीमें इस श्रृंखला के साथ विश्व टी20 की तैयारी करेंगी. भारत को विश्व टी20 से पहले सिर्फ टी20 मैच खेलने हैं और ऐसे में उसके पास तैयारी का बेहतर मौका है. भारतीय टीम काफी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलती। वर्ष 2006 में अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम में इस प्रारुप को जगह मिलने के बाद से भारत ने इस प्रारुप में सिर्फ 57 मैच खेले हैं जिसमें से 28 उसने पांच विश्व टी20 चैम्पियनशिप के दौरान 2007, 2009, 2010, 2012 और 2014 में खेले. भारत ने अपना पहला टी20 मैच दिसंबर 2006 में दक्षिण अफ्रीका के साथ खेला था और तब से उसने द्विपक्षीय श्रृंखला में सिर्फ 29 मैच खेले हैं और इसमें भी उसका रिकार्ड काफी अच्छा नहीं है. टीम ने 14 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि 15 में उसे हार का सामना करना पडा. टी20 श्रृंखला में एक बार फिर बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है. हाल में संपन्न बिग बैश लीग में भी बडे स्कोर बने थे और पिच के सपाट होने और इससे बल्लेबाजों के अनुकूल उछाल मिलने की उम्मीद है.
यहां हालात भारत में विश्व टी20 से अलग होंगे जिससे दोनों टीमें अपने स्पिन विकल्पों का आकलन प्रभावी तरीके से नहीं कर पाएंगी लेकिन टीम में संतुलन हासिल करने के लिए ये मैच महत्वपूर्ण होंगे. भारत को टीम का संतुलन बेहतर करना होगा विशेषकर बल्लेबाजी में जो उसका मजबूत पक्ष है. अजिंक्य रहाणे कैनबरा में चौथे वनडे के दौरान हाथ में लगी चोट के कारण पहले टी20 से बाहर हो गए हैं. इस श्रृंखला में सभी की नजरें सलामी बल्लेबाजी शिखर धवन पर टिकी होंगी क्योंकि उन्हें एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान फार्म में वापसी के संकेत दिए जिसका मतलब हुआ कि वह रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज जारी रखेंगे.
विराट कोहली का तीसरे नंबर पर खेलना तय है और युवराज सिंह बांग्लादेश में विश्व टी20 2014 फाइनल के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं. सिडनी के शतक जडने वाले मनीष पांडे यहां टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं और ऐसे में युवराज, सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रमश: चौथे, पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. मैच की स्थिति के अनुसार इनके क्रम में बदलाव हो सकता है. भारतीय कप्तान ने एससीजी में मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में संकेत दिए थे कि मध्यक्रम के इन दो बल्लेबाजों का खेलना लगभग तय है. सही गेंदबाजी संयोजन चुनना हालांकि चुनौती हो सकता है. धोनी के पास पांच स्थान उपलब्ध हैं और उन्हें रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, उमेश यादव, रिषि धवन, गुरकीरत मान, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या में से चुनना होगा.
भारतीय टीम फिलहाल युवाओं को आजमा रही है और आक्रामक आलराउंडर और फार्म में चल रहे पांड्या पर सभी की नजरें टिकी होंगी. लेकिन इस तरह के संकेत हैं कि उन्हें अपनी बारी के लिए अभी इंतजार करना होगा. धोनी पदार्पण मैच में बुमराह के प्रदर्शन से खुश हैं विशेषकर डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी से और इस तेज गेंदबाज को एक और मौका दे सकते हैं. उमेश यादव लय हासिल करने के लिए जूझ रहे हैं और उन्होंने काफी रन लुटाए हैं. रिषि धवन को भुवनेश्वर कुमार के विकल्प के तौर पर रोका गया है. नेहरा ने सोमवार सुबह नेट पर पसीना बहाया और अगर अन्य सीनियर खिलाडियों के साथ वह वापसी करते हैं तो स्पिनरों के लिए दो स्थान बचेंगे.
आस्ट्रेलिया के हालात में बल्लेबाजी और गेंदबाजी से अधिक जडेजा का क्षेत्ररक्षण उनका मजबूत पक्ष है और उन्हें एक और मौका दिया जा सकता है. अश्विन को उम्मीद होगी कि वह हरभजन को पछाडकर अंतिम उपलब्ध स्थान अपने नाम कर पाएंगे और धोनी भी उन्हें मौका दे सकते हैं क्योंकि उनके पास युवराज और रैना के रुप में भी विकल्प उपलब्ध हैं. इस बीच भारत के खिलाफ श्रृंखला में पहली बार आस्ट्रेलियाई टीम अपनी अंतिम एकादश को लेकर सुनिश्चित नहीं है. टी20 प्रारुप में आरोन फिंच स्टीव स्मिथ की जगह कप्तानी करते नजर आएंगे और उन्हें कडे फैसले करने पड सकते हैं. नाथन लियोन को मौका देना महत्वपूर्ण होगा क्योंकि विश्व टी20 में स्पिन के अनुकूल हालात को देखते हुए चयनकर्ता उनका प्रदर्शन देखना चाहते हैं. लेग स्पिनर कैमरन बायस स्पिन में एक और विकल्प हैं.
ग्लेन मैक्सवेल श्रृंखला के पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे क्योंकि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव है. क्रिस लिन को उनकी जगह अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है. शेन वाटसन की टीम में वापसी हुई है और शान मार्श और उनमें से एक को कल अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है. घरेलू प्रशंसकों की नजरें एंड्रयू टाई पर भी टिकी होंगी क्योंकि आस्ट्रेलिया ने पिछले कुछ समय में युवा तेज गेंदबाजों को मौका दिया है. यह देखना होगा कि शान टैट मेजबान टीम के आक्रमण की अगुआई करते हैं या नहीं क्योंकि वह पांच साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं.
टीम इस प्रकार हैं:
आस्ट्रेलिया:
आरोन फिंच :कप्तान:, डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, शान मार्श, क्रिस लिन, जेम्स फाकनर, मैथ्यू वेड, नाथन लियोन, कैमरन बायस, ट्रेविस हेड, जान हास्टिंग्स, स्काट बोलैंड, केन रिचर्डसन, एंड्रयू टाई, शान टैट और शेन वाटसन.
भारत:
महेंद्र सिंह धोनी :कप्तान:, शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, सुरेश रैना, हार्दिक पांड्या, गुरकीरत मान, रिषि धवन, रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा, उमेश यादव और अजिंक्य रहाणे.

