AAP में घमासान जारी, पंजाब में पार्टी नेता गुरप्रीत घुग्गी ने दिया इस्तीफा

3

नई दिल्ली/ चंडीगढ़

आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली में कपिल मिश्रा के बागी होने के बाद अब पंजाब में AAP के कद्दावर नेता गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। घुग्गी उनकी जगह भगवंत मान को पंजाब में AAP का संयोजक बनाए जाने से नाराज बताए जा रहे थे।

घुग्गी ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में AAP छोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘पार्टी के अच्छे-बुरे वक्त में मैं पार्टी के साथ हमेशा साथ खड़ा रहा।’ उन्होंने कहा, ‘पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। मैं किसी व्यक्ति का विरोध नहीं कर रहा हूं और न मैं किसी पद का लोभी हूं।’ घुग्गी ने साथ ही पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा, ‘केजरीवाल पंजाब चुनाव के बाद राज्य में क्यों नहीं आए?’

घुग्गी ने कहा कि वह पंजाब चुनाव के दौरान स्टार प्रचारक की भूमिका निभाना चाहते थे, लेकिन उन्हें संयोजक बना दिया गया। उन्होंने कहा, ‘मैंने संजय सिंह और अन्य पार्टी नेताओं से कई बार अपील की थी कि वे सुच्चा सिंह को मनाकर पार्टी में वापस ले आएं, लेकिन मेरी बात नहीं सुनी गई। मैंने उनसे कहा था कि मुझे पार्टी के रोजाना के काम देखने की जगह स्टार प्रचारक बनाएं। मैं मान या पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ नहीं हूं।’

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *