निचले स्तर पर ICICI Bank, इंफोसिस जैसी कंपनियों के शेयर, कमाई का है मौका
स्टॉक मार्केट में हाल में ही आई गिरावट की वजह से कई स्टॉक्स आकर्षक स्तरों पर पहुंच गए हैं। लेकिन निवेशकों के लिए इसमें से हर स्टॉक्स में इन्वेस्ट करना फायदे का सौदा नहीं है। एक्सपर्ट मानते हैं कि मार्केट में खरीददारी लौटने पर मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों को ही फायदा मिलेगा। ऐसे में किसी कमजोर कंपनी पर दांव लगाना नुकसान भरा साबित हो सकता है। आइए हम आपको ऐसी बड़ी कंपनियों के बारे में बताते हैं, जिनके फंडामेंटल काफी मजबूत हैं और आने वाले समय में स्टॉक्स में तेजी आनी तय है।
क्या है इन कंपनियों की खासियत
आगे दी गई कंपनियों की मार्केट कैप 20,000 करोड़ रुपए से ज्यादा है। यानी ये अपने अपने सेक्टर की बड़ी कंपनियां हैं। आईसीआईसीआई डायरेक्ट की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनियों का अपना प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है, इनमें से हर कंपनी प्रॉफिट में है और इसका प्रॉफिट उसकी सेल्स का लगभग 20 फीसदी रहा है। वहीं स्टॉक मार्केट में कंपनी की वैल्यूएशन फिलहाल बेहतर है। इन कंपनियों का प्राइस टू अर्निंग रेश्यो 20 से कम है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर कंपनियों की सेहत मजबूत हो तब 20 से कम प्राइस टू अर्निंग रेश्यो पर स्टॉक का स्तर आकर्षक माना जाता है। वहीं इन कंपनियों का प्राइस टू सेल्स रेश्यो 1.5 से कम है। प्राइस टू सेल्स रेश्यो कंपनी के स्टॉक प्राइस और इसके रेवेन्यू के बीच के रेश्यो को कहते हैं। प्राइस टू सेल्स और पी ई रेश्यो अगर कम है तो इसका मतलब स्टॉक की कीमत कंपनी की परफॉर्मेंस के हिसाब से कम है और आने वाले समय में इन्वेस्टर इसमें बढ़त के अवसर देख रहे हैं। वहीं ये स्टॉक अपने साल के उच्चतम स्तर से 6 से लेकर 30 फीसदी तक नीचे हैं। जिससे इन स्टॉक्स में इन्वेस्ट के बेहतर अवसर बनते हैं।


