गया में छाया भगवा रंग, सभा मंच पर पहुंचने लगे नेता, जदयू के बागी भी मौजूद
गया। परिवर्तन रैली के सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गया आगमन में कुछ ही घंटे शेष हैं। स्वागत के लिए उत्सुक शहर भगवा रंग के बैनर-पोस्टर से पट गया है। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।

नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर जनता की भीड़ सुबह से ही गांधी मैदान पहुंचने लगी है। उन्हें गांधी मैदान में पूरी सुरक्षा जांच के बाद इंट्री दी जा रही है। इस बीच मंच पर बड़े नेताओं का आना आरंभ है। रैली मंच पर डाॅ. सीपी ठाकुर, मंगल पांडेय, राधामोहन सिंह, भूपेंद यादव रामकृपाल यादव व रवि शंकर पसाद पहुंच चुके हैं। मंच पर जदयू के बागी विधायक राजीव रंजन, अनिल कुमार व राहुल शर्मा भी दिख रहे हैं।
नरेंद्र मोदी दोपहर में करीब एक बजे गया एयरपोर्ट पर अपने विशेष विमान से लैंड करेंगे। इसके बाद सीधे रैली स्थल पहुंचेंगे। नक्सली बंद और अन्य खतरों को देखते हुए प्रधानमंत्री के सुरक्षाकर्मियों की ओर से इस बार उनकी यात्रा के संबंध में अधिकतर जानकारियां गुप्त रखी गई हैं।
प्रवेश की ये है व्यवस्था
प्रधानमंत्री के काफिले के लिए गांधी मैदान के पश्चिम में दो प्रवेश द्वार आरक्षित किए गए हैं। इस इलाके को प्रतिबंधित जोन घोषित किया गया है। वीआइपी, मीडिया व महिलाओं के लिए गांधी मैदान के उत्तर दिशा स्थित डॉ.पांडेय राजेश्वरी प्रसाद के नर्सिंग होम की ओर से प्रवेश द्वार बनाया गया है।
एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि गांधी मैदान में प्रवेश व निकास के लिए 10 गेट उत्तर और दक्षिण दिशा में बनाए गए हैं। वाहनों के परिचालन पर पीएम कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान और आसपास के इलाके में प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा के ये हैं इंतजाम
रैली मैदान में करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वरिष्ठ आइपीएस रत्नमणि संजीव, शंकर झा, नवल किशोर सिंह सहित 4 एसपी संवर्ग के अधिकारी को गया भेजा गया हैं। वहीं, बीएमपी 3 के कमांडेंट विकास बर्मन को सिटी एसपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया हैं। करीब 20 की संख्या में पुलिस उपाधीक्षक, 40 महिला पदाधिकारी, 200 आरक्षी संवर्ग की महिला पुलिसकर्मी को पीएम के कार्यक्रम को लेकर गया भेजा गया है।
भाजपा नेताओं ने किया रोड शो
नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व भाजपा नेताओं ने रोड शो कर हर घर से कम से कम दो लोगों के रैली स्थल पहुंचने का आह्वïान किया। शाम को हुए रोड शो में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के साथ नगर विधायक डा. प्रेम कुमार, वीरेन्द्र सिंह व अन्य नेता थे।
16 एंबुलेंस और 52 चिकित्सकों की टीम तैनात
रैली स्थल के साथ ही अन्य स्थानों पर 16 एम्बुलेंस को लगाया गया है। सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक 52 चिकित्सकों को भी आपात स्थिति से निबटने के लिए तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक वीआइपी एम्बुलेंस एयरपोर्ट पर तैनात की गई है। इस पर न्यूरो सर्जन, सर्जन, फिजिसियन के अलावा एएनएम और फार्मासिस्ट भी रहेंगे। इसमें आक्सीजन, जरूरी दवाइयां और रक्त देने के लिए डोनर भी रहेंगे। मुख्य मंच की कुछ दूरी पर और वीआईपी गैलरी के पास भी ऐसी ही एंबुलेंस खड़ी की जाएगी। मैदान के सभी प्रवेश द्वार पर भी एंबुलेंस की तैनाती की गई है।
बिजली के लिए जेनरेटर की व्यवस्था
प्रधानमंत्री की रैली में बिजली सप्लाई जेनरेटर से होगी। केन्द्रीय राज्य मंत्री तथा प्रधानमंत्री श्री मोदी की परिवर्तन रैली के संयोजक गिरिराज सिंह ने जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल को गांधी मैदान परिसर में निजी बिजली कंपनी इंडिया पावर को बिजली आपूर्ति न करने के संबंध में शनिवार को निदेश दिया।
साथ ही केन्द्रीय मंत्री ने अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट होल्डिंग कंपनी लि., प्रत्यय अमृत से कहा है कि वे रविवार को प्रधानमंत्री की सभा को लेकर यह सुनिश्चित कराएं कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में निर्वाध रूप से बिजली की आपूर्ति हों।
जिलाधिकारी ने बताया कि गांधी मैदान में भाजपा की ओर से सभा के लिए बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जेनेरेटर का इस्तेमाल किया जाएगा। गांधी मैदान से एक फीडर का तार गुजरा हैं। सुरक्षा दृष्टिकोण से उक्त फीडर की बिजली आपूर्ति पीएम की सभा के दौरान बंद रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि इंडिया पावर को निदेशित किया गया है कि शहर व आसपास के क्षेत्रों में निर्वाध गति से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।

