अमेरिका में 5 बच्चों सहित 8 की गोली मारकर हत्या
ह्यूस्टन। अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक घर में पांच बच्चों सहित आठ लोगों की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि मामले में थोड़े से विरोध के बाद एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरी काउंटी शेरिफ के कार्यालय के अनुसार, शनिवार शाम यहां एक मकान में पांच बच्चे और तीन लोगों के शव बरामद किए गए।

इसके बाद एक 49 वर्षीय व्यक्ति ने थोड़े से प्रयास के बाद आत्मसमर्पण कर दिया है। हैरी काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता डी थॉमस गिलीलैंड ने बताया, ‘संदिग्ध और मृतकों के बीच किसी रिश्ते के होने की अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है।’ ह्यूस्टन क्रॉनिकल की खबर के अनुसार, जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि मृतकों की हत्या कैसे की गई है।
गिलीलैंड ने कहा कि मृतकों की आयु और लिंग का अभी कुछ पता नहीं चला है। उनके अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब रात करीब नौ बजे फालिंग ओक्स के सहायक सामान्य शिष्टाचार के सिलसिले में पीडि़तों के घर पहुंचे। मुख्य द्वार पर खड़े सहायकों को काफी देर तक जवाब नहीं मिलने पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने कुछ और जानकारी एकत्र की। पता चला कि एक फरार व्यक्ति घर के अंदर है। उसने घर में रहने वालों के ऊपर हमला किया था। गिलीलैंड ने कहा कि वार्ताकारों ने संदिग्ध से बातचीत की और उसे बाहर आने के लिए राजी कर लिया। उसे हिरासत में लिए जाने तक किसी के मारे जाने का अंदेशा नहीं था, लेकिन संदिग्ध के बाहर आने के बाद जब सहायक मकान में घुसे, तो उन्हें आठ शव मिले।

