अमेरिका में 2015 में अब तक गोलीबारी की 204 घटनाएं
वाशिंगटन। अमेरिका में बंदूक संस्कृति पर रोक को लेकर छिड़ी बहस के बीच वहां इस साल अब तक 200 से अधिक गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। नवीनतम घटना लुसियाना के सिनेमाघर में हुई गोलीबारी है जहां हमलावर समेत तीन लोग मारे गए।
अखबार वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में कहा गया है कि अप्रैल में 18, मई में 39, जून में 41 और जुलाई में अब तक 34 गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। लुसियाना के सिनेमाघर में हुई गोलीबारी वहां इस साल की आठवीं घटना थी।
ओहायो में 10, कैलिफोर्निया में 14 और न्यूयार्क में 16 घटनाएं हो चुकी हैं। लुसियाना सिनेमाघर की घटना के बाद गोलीबारी की कुल संख्या 204 हो गई। अखबार में कहा गया है कि मास शूटिंग ट्रैकर परियोजना के मुताबिक, संयोगवश गुरुवार को जिस दिन यह घटना हुई, वह इस साल का 204वां दिन भी था।

मास शूटिंग ट्रैकर की सूची में 2015 में अब तक 203 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं दर्ज की गई थीं। ट्रैकर सामूहिक गोलीबारी की व्यापक परिभाषा का इस्तेमाल करता है। अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, सामूहिक गोलीबारी की एफबीआइ की पुरानी परिभाषा है एक घटना में चार या उससे अधिक लोगों की मौत। जबकि यह परिभाषा सिर्फ तार्किक है।
अखबार ने सवाल किया कि क्या इसमें बदलाव होगा, फिर जवाब दिया, संभवत: नहीं। उसने दक्षिण कैरोलिना के चार्ल्सटन की गोलीबारी को लेकर हुई प्रतिक्रिया का उल्लेख किया। इसमें एक श्वेत ने एक चर्च में नौ अश्वेत लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
अखबार ने कहा है कि इस घटना ने एक उद्देश्यपूर्ण राष्ट्रीय बहस को जन्म दिया। बहस बंदूक को लेकर नहीं, बल्कि संघीय झंडे की प्रतीकात्मकता को लेकर जिसमें हमलावर ने नस्ली भावनाओं के बैनर के रूप में इसका इस्तेमाल किया।

